कोरबा (मंथन) कोरबा-पश्चिम जनपद अंतर्गत कुसमुंडा क्षेत्र ग्राम खम्हरिया वैशाली नगर स्थित प्राथमिक स्कूल के शिक्षक के 30 वर्षीय पुत्र का शव दो टुकड़ों में रेल पटरी पर मिला।
रेल पटरी में दो टुकड़ों में मिले शव की पहचान विकास नगर एमडी कॉलोनी निवासी खगेश उर्फ पिंटू बैरागी (30 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों ने रुंधे गलों से बताया कि खगेश बचपन से ही बोल नहीं पाता था। वह हमेशा की तरह घर से निकला था, लेकिन किसी को क्या पता था कि वह कभी वापस नहीं लौटेगा। शाम होते-होते उसके मृत्यु की खबर घर पहुँची, जिसने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सर्वमंगला पुलिस चौकी की टीम तुरंत मौके पर पहुँची। घटनास्थल कुसमुंडा थाना क्षेत्र के सर्वमंगला चौकी के अंतर्गत 4 नंबर कुसमुंडा खदान गेट के पास का बताया जा रहा है। पुलिस ने शव की शिनाख्त करने के बाद परिजनों को सूचित किया।
पुलिस ने बयान दिया हैं की प्राथमिक दृष्टि से यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मर्ग कायम कर घटना के असली कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है।
14 जुलाई / मंथन मित्तल



