* कैश परिवहन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
* संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्कता बरतने एवं किसी भी घटना की तत्काल पुलिस को सूचना देने की गयी अपील
* अपराध नियंत्रण एवं जनसुरक्षा को लेकर कोरबा पुलिस का जागरूकता अभियान लगातार जारी
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन अंतर्गत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में “सजग कोरबा-सतर्क कोरबा” अभियान के तहत आमजन एवं विभिन्न संस्थानों को सुरक्षा के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है। कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कोरबा में जिले के विभिन्न बैंकों के कैश वैन चालकों एवं सुरक्षा गार्डों की एक बैठक लेकर उन्हें समझाइश दी गई तथा कैश परिवहन के दौरान बरती जाने वाली सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया।
* इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने कहा कि बैंक कैश वैन की सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है। कैश परिवहन के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर घटना का कारण बन सकती है। इसलिए सभी चालक एवं सुरक्षा गार्ड पूर्ण सतर्कता, जिम्मेदारी एवं अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
# बैठक के दौरान दिए गए दिशा-निर्देश
* कैश परिवहन के दौरान निर्धारित एसओपी एवं सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें।
* कैश वैन को निर्धारित मार्ग एवं समय के अनुसार संचालित करें।
* कैश वैन को बिना आवश्यकता किसी भी स्थान पर न रोकें।
* चालक एवं सुरक्षा गार्ड पूरी यात्रा के दौरान सतर्क रहें।
* संदिग्ध व्यक्ति, वाहन एवं गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखें।
* कैश लोडिंग एवं अनलोडिंग के दौरान विशेष सावधानी बरतें।
* बैंक परिसर एवं आसपास की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए रखें।
* किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन अथवा घटना की जानकारी तत्काल डायल-112, कंट्रोल रूम अथवा निकटतम थाना पुलिस को दें।
* ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।
* सुरक्षा उपकरणों एवं संचार माध्यमों को सदैव सक्रिय एवं कार्यशील रखें।
* सुरक्षा गार्ड अपने निर्धारित स्थान पर रहकर पूरी सतर्कता के साथ सुरक्षा दायित्वों का निर्वहन करें।
* हथियार एवं अन्य सुरक्षा उपकरण हमेशा तैयार अवस्था में रखें।
* कैश वैन की सुरक्षा एवं संचालन से संबंधित गोपनीय जानकारी किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति के साथ साझा न करें।
अंत में सभी कैश वैन चालकों एवं सुरक्षा गार्डों को सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने, पूर्ण सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की समझाइश दी गई।
कोरबा पुलिस “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के माध्यम से अपराध नियंत्रण, जन जागरूकता एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार अभियानात्मक कार्यवाही एवं जागरूकता कार्यक्रम संचालित कर रही है।
04जुलाई / मंथन मित्तल



