कोरबा (मंथन) कोरबा-पश्चिम अंतर्गत एसईसीएल के खदान प्रभावित ग्राम मड़वाढोड़ा में ग्रामीणों की जनसमस्या निवारण कार्यक्रम में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल भी पहुंचे। नगर पालिका बांकीमोंगरा की उपाध्यक्ष गायत्री गोवर्धन सिंह कंवर के नेतृत्व में ग्रामीणों ने ग्राम की 10 प्रमुख समस्याओं के निराकरण की मांग रखी।
उपाध्यक्ष श्रीमती कंवर ने कहा कि एसईसीएल की भूमिगत खदान से प्रभावित ग्राम मड़वाढोड़ा में बोर का पानी पीने का लायक नहीं है। खोलार नदी में स्टॉप डैम से 12 महीने पानी का भराव रहता है। नदी किनारे ट्रीटमेंट प्लांट लगाकर मड़वाढोड़ा सहित आसपास के ग्रामो में जल आपूर्ति की जा सकती हैं, ताकि पाइपलाइन से पेयजल आपूर्ति हो सके।
मोकड़दम ऊपर पारा और स्कूल पारा में गायत्री जनरल स्टोर के पास के बोरवेल से पाइपलाइन लगाकर जल आपूर्ति की मांग रखी गई। ग्राम में स्वास्थ्य केंद्र के लिए दो बेड का भवन बनाने, स्टॉप डैम तक आवाजाही के लिए पहुंच मार्ग का निर्माण, मांझी मोहल्ले में मंच निर्माण, मड़वाढोड़ा से रोहिना तक 2 किलोमीटर सड़क के निर्माण सहित अन्य मांगें रखी। ग्रामीणों ने जानकारी देते हुए कहा की विधायक श्री पटेल ने समस्याओं के निराकरण का भरोसा दिलाया है।
29 जून / मंथन मित्तल



