* पास में जहर की शीशी बरामद होने से गहराया रहस्य
कोरबा (मंथन) कोरबा जिलान्तर्गत बालको थाना क्षेत्र के नवाडीह जंगल में एक युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। घने जंगल और दुर्गम रास्तों के कारण घटनास्थल तक पहुंचने में पुलिस टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पुलिस के अनुसार नवाडीह के सरपंच प्रतिनिधि ने जंगल में शव पड़े होने की सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका की पहचान सपना धनुवार रूप में की गयी। बताया जा रहा है कि युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट कुसमुंडा थाना में दर्ज थी और पिछले करीब 20 दिनों से उसकी तलाश की जा रही थी। घटनास्थल से पुलिस को एक जहर की शीशी भी बरामद हुई है, जिससे मामले ने नया मोड़ ले लिया है। हालांकि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।
29 जून / मंथन मित्तल



