कोरबा (मंथन) कोरबा जिले से सटे जांजगीर-चांपा जिले में घटित एक हृदय विदारक हादसे में मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन ग्रामीणों की मृत्यु हो गई। जानकारी के अनुसार बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगरी स्थित भारतमाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक अज्ञात वाहन ने तीनों ग्रामीण को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि तीनों ने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि वाहन चालक दुर्घटना के बाद फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार तीनों ग्रामीण रोज की तरह टहलने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर निकले थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। मृतकों की पहचान केदार निर्मलकर, दिलहरन वैष्णव तथा ग्राम कोरबी निवासी एक अन्य व्यक्ति के रूप में की गयी हैं। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर बलौदा थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची और पंचनामा कार्यवाही तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने भारतमाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों पर नियंत्रण, प्रभावी सड़क सुरक्षा व्यवस्था और नियमित गश्त की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज गति से वाहनों का संचालन लगातार हादसों का कारण बन रहा है।
28 जून / मंथन मित्तल



