* स्कूटी चोरी का हुआ खुलासा
* गैस सिलेंडर चोरी का कथित आरोपी गिरफ्तार
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कोरबा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “सजग कोरबा-सतर्क कोरबा” अभियान के तहत लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस सहायता केंद्र सीएसईबी और थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने स्कूटी चोरी और चोरी के अन्य मामलों में त्वरित कार्यवाही करते हुए कथित आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की है।
पुलिस द्वारा दी जानकारी के अनुसार, थाना सिविल लाइन रामपुर क्षेत्र में दर्ज स्कूटी चोरी के एक मामले की जांच के दौरान पुलिस सहायता केंद्र सीएसईबी की टीम ने दो विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर स्कूटी चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गई स्कूटी बरामद कर ली। इसके बाद दोनों बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
एक अन्य स्कूटी चोरी के मामले में भी थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस को सफलता मिली है। अपराध क्रमांक 564/2026 के तहत दर्ज प्रकरण में चोरी गई स्कूटी वाहन क्रमांक की तलाश के दौरान दो विधि से संघर्षरत बालकों से पूछताछ की गई। जांच में दोनों ने मिलकर स्कूटी चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्यवाही करते हुए उन्हें किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से न्यायिक रिमांड प्राप्त किया गया।
इसके अलावा पुलिस ने गैस सिलेंडर और स्टील सामग्री चोरी करने वाले कथित आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। थाना सिविल लाइन रामपुर में दर्ज एक मामले की जांच के दौरान पुलिस ने एक कथित आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने घर के पीछे रखे गैस सिलेंडर और स्टील सामग्री चोरी करना स्वीकार किया। उसके कब्जे से चोरी का सामान बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी उसको न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
25 जून / मंथन मित्तल



