* 7 लाख का वाहन जब्त
कोरबा (मंथन ) कोरबा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “सजग कोरबा-सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा-चांपा मार्ग के थाना उरगा पुलिस ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए दो कथित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गए आभूषण और लगभग 7 लाख रुपये कीमत के टाटा मैजिक वाहन को बरामद कर उनको न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस द्वारा दी जानकारी के अनुसार पहला मामला थाना उरगा क्षेत्र का है, जहां 6 जून को संतोषी साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर नगदी, आभूषण और अन्य सामान चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में कथित आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया करीब 7.50 तोला वजनी चांदी का हाफ करधन तथा अन्य सामग्री बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 16 हजार रुपये बताई जा रही है। बरामदगी के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
दूसरे मामले में 20 जून को एक प्रार्थी ने थाना उरगा में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी टाटा मैजिक वाहन अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही को गिरफ्तार किया। पूछताछ में संदेही ने अपने एक साथी के साथ मिलकर वाहन चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने कथित आरोपी के कब्जे से चोरी की गई टाटा मैजिक वाहन बरामद कर ली, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस आगे की विवेचना कर रही है।
22 जून / मंथन मित्तल



