कोरबा (मंथन) कोरबा-पश्चिम के दीपका क्षेत्र में शासकीय मादक द्रव्य पदार्थ बिक्री केंद्र संचालित करने को लेकर पहले से जारी प्रयासों को एक बार फिर धक्का लगा। नगर पालिका अध्यक्ष के साथ एसडीएम वार्ड क्रमांक 1 में मादक द्रव्य पदार्थ बिक्री केंद्र संचालित करने दुकान के लिए जगह का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान स्थानीय पार्षद ने इस प्रयास का जमकर विरोध किया इसे लेकर अधिकारी के साथ काफी तनातनी हो गई।
जानकारी के अनुसार कटघोरा एसडीएम तनमय खन्ना अपने सहयोगी के साथ दीपका क्षेत्र पहुंचे थे। नगर पालिका अध्यक्ष राजेन्द्र राजपूत व अन्य का साथ लेकर दीपका नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 23 में अपनी पहुंच बनायी। बताया गया कि तहसील कार्यालय के पास आबकारी विभाग मादक द्रव्य पदार्थ बिक्री केंद्र खोलना चाहता है। इसके लिए प्रस्ताव दिया गया था। जिस पर निरीक्षण करने के लिए अधिकारी जा पहुंचे। आसपास के लोगों और कांग्रेस पार्षद को इसकी जानकारी हुई तो वे भी यहां आ गए। इसके साथ ही माहौल गर्म हो गया। पार्षद ने पुरजोर तरीके से इस इलाके में मादक द्रव्य पदार्थ बिक्री केंद्र खोले जाने पर आपत्ति की और कहा कि यहां पर इस योजना को बिल्कुल सफल नहीं होने दिया जाएगा। पूरा किस्सा एसडीएम के सामने हुआ।
बताया गया कि पार्षद के साथ कुछ और लोगों ने विरोध के स्वर को बुलंद किया। कुछ लोग हस्तक्षेप करने का जतन किया लेकिन इसका असर नहीं पड़ा। बहसबाजी और शोरशराबा इस कदर हुआ कि अधिकारी और अध्यक्ष यहां से चलते बने।
दीपका क्षेत्र को श्रम बाहुल्य इलाका माना जाता है। दूसरे ऐसे इलाकों की तरह जहां भी मादक द्रव्य पदार्थ की बंपर खपत होती है इसके अलावा आसपास के क्षेत्र में बन रही कच्ची मादक द्रव्य पदार्थ की मात्रा अलग है।
19 जून / मंथन मित्तल



