* निहारिका के साथ सुनालिया चौक पर भी सुविधा उपलब्ध
* वाहन चालकों ने जताई प्रसन्नता
कोरबा (मंथन) कोरबा में इलेक्ट्रिक वाहनों (ई-व्हीकल) की बढ़ती संख्या को देखते हुए चार्जिंग अधोसंरचना का विस्तार शुरू हो गया है। अब तक शहर में सार्वजनिक उपयोग के लिए केवल एक प्रमुख चार्जिंग स्टेशन उपलब्ध था, लेकिन हाल ही में दूसरा चार्जिंग पॉइंट भी शुरू कर दिया गया है।
पहला चार्जिंग स्टेशन निहारिका क्षेत्र में संचालित हो रहा है, जबकि दूसरा स्टेशन सुनालिया चौक के पास स्थापित किया गया है। इससे इलेक्ट्रिक वाहन चालकों ने काफी राहत मिलने की उम्मीद जताई है। वर्तमान में 7 हजार से अधिक इलेक्ट्रिक वाहन पंजीकृत हैं। इनमें इलेक्ट्रिक दोपहिया, तिपहिया और चारपहिया वाहन शामिल हैं। लगातार बढ़ रही संख्या के मुकाबले चार्जिंग सुविधाएं काफी सीमित थीं, जिसके कारण वाहन चालकों को कई बार परेशानी का सामना करना पड़ता था। ऐसे में दूसरे सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशन की शुरूआत को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बताया जा रहा हैं की पिछले कुछ वर्षों में पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के कारण लोगों का रुझान इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर तेजी से बढ़ा है। कम संचालन खर्च और पर्यावरण के अनुकूल होने के कारण बड़ी संख्या में लोग ई-स्कूटर और अन्य इलेक्ट्रिक वाहनों को अपना रहे हैं। हालांकि चार्जिंग नेटवर्क का पर्याप्त विकास नहीं होने से कई बार लंबी दूरी तय करने वाले चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। यदि जिले में इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या इसी गति से बढ़ती रही तो आने वाले वर्षों में और अधिक चार्जिंग स्टेशनों की आवश्यकता पड़ेगी। वर्तमान में दो सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशन की शुरूआत हुई है, लेकिन भविष्य की जरूरतों को देखते हुए यह संख्या बढ़ाना आवश्यक होगा। इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने का सबसे बड़ा उद्देश्य प्रदूषण को कम करना है। कोरबा जैसे औद्योगिक जिले में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने की दिशा में ई-वाहन महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। चार्जिंग सुविधाओं के विस्तार से अधिक लोग इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने के लिए प्रेरित होंगे, जिससे कार्बन उत्सर्जन में कमी आने की संभावना है।
* वाहन चालकों ने जताई खुशी
नया चार्जिंग पॉइंट शुरू होने से इलेक्ट्रिक वाहन चालकों में उत्साह देखा जा रहा है। उनका कहना है कि पहले चार्जिंग के लिए सीमित विकल्प होने के कारण समय और दूरी दोनों की समस्या रहती थी। अब शहर के दो अलग-अलग हिस्सों में सुविधा उपलब्ध होने से चार्जिंग करना अधिक आसान हो जाएगा।
16 जून / मंथन मित्तल



