21 जून को होने वाली परीक्षा के लिए तैयारी तेज
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले में भी राष्ट्रीय स्तर पर होने वाले मेडिकल प्रवेश परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। परीक्षा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में 1500 से अधिक परीक्षार्थियों के शामिल होने की संभावना है। परीक्षा के सुचारू व निष्पक्ष संचालन के लिए प्रशासन, शिक्षा विभाग और पुलिस अधिकारियों की बैठकों का दौर शुरू हो गया है।
प्रशासन द्वारा परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा, निगरानी, अभ्यर्थियों के प्रवेश, यातायात व्यवस्था तथा गोपनीयता बनाए रखने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। गौरतलब है कि पूर्व में देशभर में नीट परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों और अनियमितताओं को लेकर व्यापक विवाद सामने आया था। मामले ने राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोरी थीं और परीक्षा की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े हुए थे। इसी पृष्ठभूमि को ध्यान में रखते हुए इस बार सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा रहा है।
परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की गहन जांच की जाएगी। बायोमेट्रिक सत्यापन, पहचान पत्रों का मिलान तथा इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध जैसी व्यवस्थाओं का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट तथा अन्य प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा केंद्रों के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।नीट परीक्षा देशभर के सरकारी व निजी मेडिकल, डेंटल तथा अन्य स्वास्थ्य विज्ञान संस्थानों में प्रवेश का प्रमुख माध्यम है। कोरबा सहित आसपास के जिलों के हजारों छात्र लंबे समय से इस परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह के साथ-साथ जिम्मेदारी भी दिखाई दे रही है। जिला प्रशासन का कहना है कि परीक्षा को पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और परीक्षा की विश्वसनीयता बनी रहे। परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की तैयारी भी की जा रही है। परीक्षा सामग्री के परिवहन और सुरक्षित रखरखाव के लिए विशेष प्रोटोकॉल लागू रहेगा। केंद्र अधीक्षकों को परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने कहा गया है। प्रशासन ने परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से काफी पहले पहुंचने की सलाह दी है। प्रवेश प्रक्रिया में सुरक्षा जांच के कारण अतिरिक्त समय लग सकता है। अभ्यर्थियों को अपना प्रवेश पत्र, वैध पहचान पत्र तथा निर्धारित दस्तावेज साथ लाने होंगे। ड्रेस कोड और परीक्षा संबंधी नियमों का पालन करना भी अनिवार्य रहेगा।
15 जून / मंथन मित्तल



