* 161 दिन में 913 नशेड़ी चालकों से 91 लाख का वसूला गया अर्थदंड
* विशेष वाहन जांच अभियान से नियमों की अनदेखी करने वालों में मचा हड़कंप
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले में बढ़ते सड़क हादसे की रोकथाम के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जहां थाना चौकी पुलिस नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्यवाही कर रही है, वहीं यातायात पुलिस का ध्यान मादक द्रव्य पदार्थो का सेवन कर नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर है। यदि साल 2026 के बीते 161 दिनों की बात करें तो यातायात पुलिस ने नशे में वाहन चलाने वाले 913 वाहन चालकों के खिलाफ 185 की कार्यवाही की है। इन प्रकरणों में न्यायालय ने 91 लाख का अर्थदंड वसूल किया है। यातायात पुलिस की कार्रवाई से नशेड़ी वाहन चालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारों की मानें तो करीब 50 फीसदी हादसे नशे में वाहन चलाने के कारण होते हैं। इस परिस्थितियों को देखते हुए कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने हादसों पर अंकुश लगाने सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश जारी किए हैं। उनके निर्देश पर थाना चौकी पुलिस वाहनों की जांच की जा रही हैं। यातायात पुलिस भी शहरी, उपनगरीय व आउटर में जांच पड़ताल कर रही हैं। यातायात पुलिस का ध्यान खासतौर पर ऐसे वाहन चालकों पर होता है जो नशे की हालत में वाहन का परिचालन करते हैं। इस मामले में विभाग सख्त नजर आ रही है।
जिसका आंकलन साल 2026 में बीते 161 दिन के आंकड़े से किया जा सकता है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के मार्गदर्शन, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चर्तुवेदी, डीएसपी डी.के. सिंह के पर्यवेक्षण तथा निरीक्षक तेज कुमार यादव के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में 913 नशेड़ी वाहन चालकों के खिलाफ कार्यवाही की गई है। इन तमाम प्रकरणों को न्यायालय में पेश किया गया था। जिसमें न्यायालय ने लगभग 91 लाख रूपए का अर्थदंड लगाया है। बहरहाल लगातार चल रहे वाहन जांच अभियान में नशेड़ी वाहन चालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
14 जून / मंथन मित्तल



