कोरबा (मंथन) गर्मी की छुट्टियों में ट्रेनों के रद्द होने से परेशान और कंफर्म टिकट के लिए भटक रहे हजारों रेल यात्रियों के लिए दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे से राहत भरी खबर आई है। बिलासपुर-झारसुगड़ा सेक्शन के चांपा स्टेशन पर चौथी रेल लाइन जोड़ने के लिए 7 जून से 19 जून तक प्रस्तावित ब्लॉक और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य को रेलवे प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया है।
रेलवे के इस फैसले के बाद 13 दिनों के लिए रद्द की गई सभी यात्री और एक्सप्रेस ट्रेनों को बहाल कर दिया गया है। अब जून महीने में ये सभी ट्रेनें अपने पूर्व निर्धारित मार्ग, समय और तिथियों पर सामान्य रूप से चलेंगी। पहले इस मेगा ब्लॉक के कारण हावड़ा-मुंबई रूट पर कई ट्रेनों के प्रभावित होने की आशंका थी, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी होती। माना जा रहा है कि जून में शादी और छुट्टियों के चलते भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए यह निर्णय लिया है।
01 जून / मंथन मित्तल



