कोरबा (मंथन) कोरबा जिले के प्रमुख सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में जल्द ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी दूर होगी और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी, क्योंकि डीएमएफ से विशेषज्ञ चिकित्सकों की भर्ती की मंजूरी मिलने के बाद जिला स्वास्थ्य विभाग ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिले में ग्राम कटघोरा, पाली, पोड़ी-उपरोड़ा, करतला विकासखंड में निवासरत लोगों के बेहतर स्वास्थ्य सुविधा के लिए विकासखंड स्तर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का संचालन किया जा रहा है।
वहीं शहर के रानी धनराज कुंवर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा मिल चुका है, लेकिन ये सभी स्वास्थ्य केंद्र लंबे समय से विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी से जूझ रहे हैं। इसकी वजह से अधिकांश केस में स्वास्थ्य केंद्र रेफरल सेंटर बन जाते हैं। ऐसे में वनांचल और ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर इलाज के लिए जिला मुख्यालय पहुंचकर मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला चिकित्सालय में इलाज कराना पड़ता है या फिर दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है। ऐसे में समय के साथ ही आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता है। इसके मद्देनजर जिला स्वास्थ्य विभाग ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की भर्ती के लिए जिला प्रशासन को प्रस्ताव भेजा था। डीएमएफ से 12 पदों पर भर्ती की मंजूरी मिल गई। इसके बाद विशेषज्ञ चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती के लिए प्रक्रिया आगे बढ़ाते हुए आवेदन मंगाया है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के लिए डीएमएफ से भर्ती होने वाले विशेषज्ञ चिकित्सक कांट्रेक्ट बेस रहेंगे। उनकी सैलरी डीएमएफ मद से दी जाएगी, इसलिए नियमित विशेषज्ञ चिकित्सकों से उनकी सैलरी अधिक होगी। हालांकि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के पदों पर नियमित भर्ती के बाद कांट्रेक्ट बेस विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवा समाप्त हो जाएगी। दरअसल, नियमित विशेषज्ञ चिकित्सकों की सैलरी के हिसाब से भर्ती के लिए चिकित्सक इच्छुक नहीं होते, दूसरे शहरों या निजी चिकित्सालयो में उससे अधिक सैलरी पैकेज मिलता है, इसलिए जिला प्रशासन ने डीएमएफ से अधिक सैलरी में भर्ती को मंजूरी दी है।
# इन पदों पर होगी भर्ती
* एमडी मेडिसिन : 3 पद शल्य चिकित्सक (सर्जन) : 3 पद बाल चिकित्सक (पीडियाट्रिशियन) : 2 पद निश्चेतना विशेषज्ञ (एनेस्थेटिस्ट) : 2 पद रेडियोलॉजिस्ट : 2 पद
कोरबा जिले के चिकित्सालयो में लगातार बेहतर चिकित्सा सुविधा देने का प्रयास किया जा रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी से परेशानी हो रही थी। इसके मद्देनजर जिला प्रशासन से डीएमएफ से विशेषज्ञ चिकित्सकों की भर्ती को मंजूरी मिली है। योग्य और अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों से अपील की गई है कि वे जिले के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने और जनसेवा के इस कार्य में आगे आएं और निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना आवेदन कार्यालय में प्रस्तुत करें।
22 मई / मंथन मित्तल



