कोरबा (मंथन) कोरबा-चांपा मार्ग पर उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करमंदी में मायके जाने से नाराज एक पति 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया और सुसाइड करने की धमकी देता रहा। लगभग ढाई घंटे तक पति का हाईवोल्टेज ड्रामा चला। पत्नी के घर लौटने की हामी भरने के बाद ही वह नीचे उतरा।
जानकारी के अनुसार एक दंपत्ति ग्राम करमंदी में रहता है। पत्नी का आरोप है कि पति मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन कर नशे में मारपीट करता हैं, जिससे तंग आकर वह मायके ग्राम बुंदेली चली गई थी।पति मजदूरी करता है और मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन करने का आदी है। बताया जा रहा हैं की दो-तीन पहले दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद पत्नी मायके चली गई थी, पति ने उसे मनाने की कई कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी। इससे परेशान होकर वह नशे की हालत में हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया।
उसे चढ़ते देख ग्रामीणों ने आवाज लगाकर नीचे उतरने को कहा, लेकिन ग्रामीणों की एक न सुनी। टावर के टॉप पर बैठकर वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा। उसने शर्त रखी कि अगर पत्नी घर लौटने को तैयार होगी, तभी वह नीचे आएगा, वरना करंट वाले तार को छूकर जान दे देगा। इसके बाद ग्रामीणों ने फौरन मामले की सूचना पुलिस की दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नवीन पटेल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ऊंचाई ज्यादा होने के कारण उसतक आवाज नहीं पहुंच पा रही थी, इसलिए पुलिस ने मोबाइल पर उससे कॉन्टैक्ट किया।
शुरुआत में पति बात करने को तैयार नहीं था और बार-बार तार छूने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने भीड़ को हटाकर उससे बात की। उसने दोहराया कि पत्नी के घर आने पर ही वह नीचे उतरेगा, जिसके बाद थाना प्रभारी ने उसकी पत्नी से बात की। पत्नी ने विवाद न करने की शर्त पर घर लौटने की हामी भर दी। इसके बाद पुलिस ने पति को समझाया, फिर वह धीरे-धीरे टावर से नीचे उतरा। पुलिस ने उसको हिरासत में लेकर चिकित्सालय में भर्ती कराया, क्योंकि उसकी सांसें फूल गई थीं। दो बोतल पानी पीने के बाद उसे कुछ राहत मिली।
बताया जा रहा हैं कि उसने अपने मुंह में गुड़ाखू दबा रखा था, जिससे उसकी हालत और बिगड़ रही थी। फिलहाल मुकेश की स्थिति अभी सामान्य है। मामले में थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि युवक पत्नी के मायके जाने से टावर पर चढ़ा था, समझाइश के बाद नीचे उतर गया।
05 मई / मंथन मित्तल



