कोरबा (मंथन) कोरबा अंचल के टी.पी. नगर मुख्य मार्ग पर बीती रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने सड़क के बीचों-बीच बड़े अक्षरों में ‘I LOVE YOU HS’ लिख दिया। सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों और राहगीरों ने जब यह संदेश देखा तो वे हैरान रह गए।
यह संदेश सफेद रंग से लिखा गया था और इसके अक्षर इतने बड़े थे कि दूर से ही दिखाई दे रहे थे। ‘HS’ कोड वर्ड के रूप में लिखा गया था, जिसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। यह घटना सुनसान रात के समय को देखकर अंजाम दी गई प्रतीत होती है।
जानकारी के अनुसार इस संदेश को देखकर कुछ लोग ने मुस्कुराए, तो वहीं कई लोगों ने इसे सार्वजनिक संपत्ति का दुरुपयोग बताते हुए नाराजगी व्यक्त की। लोगों का कहना था कि प्यार का इजहार करने का यह तरीका गलत है और इससे समाज में गलत संदेश जाता है।
स्थानीय राहगीर विजय दुबे ने बताया कि सुबह टहलते समय उन्होंने यह संदेश देखा। उन्होंने इसे किसी ‘सिरफिरे आशिक’ की हरकत बताया। सुबह सफाई कर्मियों ने पानी और झाड़ू से इसे मिटाने का प्रयास किया, लेकिन पेंट या चूने से लिखे होने के कारण इसे पूरी तरह मिटाना मुश्किल हो गया।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ‘HS’ किसके नाम के अक्षर हैं और यह संदेश किसने लिखा है। टी.पी. नगर की यह घटना पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग इसे शरारत मान रहे हैं और प्रशासन से सार्वजनिक स्थानों पर ऐसी हरकतों को रोकने के लिए कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।
24 अप्रैल / मंथन मित्तल



