* दुकानदार दहशत में, कार्रवाई की मांग
कोरबा (मंथन) कोरबा अंचल के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत कोसाबाड़ी चौक पर स्थित छह दुकानों में एसी के कॉपर वायर और केबल चोरी होने का मामला सामने आया है। इस घटना से दुकानदार परेशान और दहशत में हैं।
जानकारी के अनुसार चोरों ने मोबाइल दुकान, ज्वेलर्स दुकान, सैलून और अन्य प्रतिष्ठानों से एसी के कॉपर वायर और केबल चुराए हैं। चोरी की यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। दुकानदारों ने सिविल लाइन थाना पुलिस से शिकायत दर्ज करा कार्रवाई की मांग की है।
* पुलिस शिकायत के बावजूद कार्यवाही नहीं होने का आरोप
कोसाबाड़ी स्थित राधिका ज्वेलर्स के संचालक ने आरोप लगाते हुए बताया कि सिविल लाइन थाने से कुछ ही दूरी पर मुख्य चौक के परिसर में लगभग आधा दर्जन दुकानों में चोरी हुई है। चोर एक-एक कर दुकानों में लगे एसी के कॉपर वायर चुरा रहे हैं, जिससे दुकानदार चिंतित हैं। मोबाइल दुकान संचालक ने कहा कि सिविल लाइन थाना परिसर से थोड़ी ही दूरी पर है और पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग भी की जाती है। इसके बावजूद चोरों में पुलिस का कोई खौफ नहीं दिख रहा है। पुलिस से शिकायत के बावजूद अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है।
एक सैलून संचालक ने बताया कि चोरी की इस घटना से उनके व्यवसाय पर बुरा असर पड़ रहा है। एसी के तार चोरी होने के कारण वे एसी नहीं चला पा रहे हैं, जिससे गर्मी के कारण ग्राहक दुकान में ज्यादा देर नहीं रुकते।
18अप्रैल / मंथन मित्तल



