* कई ग्राम की बिजली आपूर्ति हुई बाधित
कोरबा (मंथन) जानकारी के अनुसार पेंड्रा-कोरबा-मनेंद्रगढ़ मुख्य मार्ग पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में रेत से भरी एक ट्रैलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक पेड़ टूटकर गिर गया और पास से गुजर रही हाइटेंशन बिजली लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इस हादसे में चालक बाल-बाल बच गया और उसे मामूली चोटें आई हैं, जबकि ट्रैलर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित रहा। ग्रामीणों ने सुरक्षा की दृष्टि से हादसे वाली जगह को साड़ी से घेरा बनाकर आवागमन सुरक्षित कराया और पेड़ को काटकर किनारे करने की कोशिश करते हुए नजर आए।
इस हादसे ने एक बार फिर क्षेत्र में चल रहे अवैध रेत परिवहन की ओर ध्यान खींचा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग पर रात के समय भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिनमें अधिकांश रेत से भरे ट्रैलर होते हैं।
16 अप्रैल / मंथन मित्तल



