* घटना सीसीटीवी में हुई कैद
* सिर-पैर में लगी चोट
* घायल अस्पताल में भर्ती
कोरबा (मंथन) कोरबा-चाम्पा सड़क मार्ग अंतर्गत उरगा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 149-बी पर एक टोल प्लाजा में हादसा हो गया। ड्यूटी पर तैनात एक युवती को एक बाइक सवार ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। यह पूरी घटना टोल प्लाजा में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार उक्त युवती टोल प्लाजा पर अपनी ड्यूटी कर रही थी, तभी कोरबा के इमलीडुग्गु क्षेत्र का एक युवक बाइक से आया और उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवती मौके पर ही गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गई। हादसे के बाद टोल प्लाजा में मौजूद कर्मचारियों और लोगों ने तत्काल युवती को संभाला। टोल प्रबंधन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवती को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए चांपा भेजा गया। चिकित्सालय में उसका उपचार जारी है। चिकित्सक के अनुसार, युवती को सिर और पैर में चोटें आई हैं, लेकिन उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
बाइक सवार युवक भी इस हादसे में चोटिल हुआ है। जानकारी के अनुसार, युवक टोल प्लाजा के भीतर वाहन से अपना नियंत्रण खो बैठा। उरगा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 149-बी पर लगातार हो रहे सड़क हादसों पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि टोल प्लाजा जैसे सुरक्षित क्षेत्र में भी ऐसी घटना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाती है। लोगों ने टोल प्लाजा के भीतर वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए स्पीड ब्रेकर और सख्त इंतजामों की मांग की है।
उरगा थाना पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
12 अप्रैल / मंथन मित्तल



