कोरबा (मंथन) कोरबा वनमंडल अंतर्गत बालको वन परिक्षेत्र के ग्राम सतरेंगा में वन विभाग ने अवैध वनोपज के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और सख्त कार्यवाही करते हुए वन माफियाओं के नेटवर्क पर जोरदार चोट की है। मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर चलाए गए इस मेगा ऑपरेशन में एक साथ 6 अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गई, जहां से लाखों रुपये की अवैध लकड़ी बरामद कर जब्त की गई।
उक्त कार्यवाही वनमंडलाधिकारी प्रेमलता यादव के निर्देश एवं उपवनमंडलाधिकारी सूर्यकांत सोनी के मार्गदर्शन में अंजाम दी गई, जबकि अभियान का नेतृत्व वन परिक्षेत्र अधिकारी जयंत सरकार एवं नवपदस्थ अधिकारी देवव्रत सिन्हा ने किया। सर्च वारंट के साथ पहुंची टीम ने ग्राम सतरेंगा के छह घरों में एक साथ छापेमारी कर अवैध भंडारण का भंडाफोड़ किया।
छापेमारी के दौरान बीजा, साल, हल्दू सहित अन्य कीमती प्रजातियों की कुल 359 नग चिरान बरामद किए गए, जिनकी मात्रा लगभग 5.405 घनमीटर और अनुमानित बाजार कीमत करीब 4.25 लाख रुपये आंकी गई है। जांच में स्पष्ट हुआ कि यह लकड़ी अवैध व्यापार के उद्देश्य से संग्रहीत की गई थी।
वन विभाग ने मामले में वन अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही संकेत दिए हैं कि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
10 अप्रैल / मंथन मित्तल



