* बैठक में बना व्यापक रोडमैप
* पूरे दिन सेवा और जनसंपर्क के कार्यक्रम
कोरबा (मंथन) कोरबा जिलान्तर्गत भारतीय जनता पार्टी के 46वें स्थापना दिवस के अवसर पर कोसाबाड़ी मंडल में “गांव चलो-बस्ती चलो अभियान” लाभार्थी जनसंपर्क एवं सम्मान समारोह को लेकर पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रकाश अग्रवाल के कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडल पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में पूरे दिन चलने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई और सभी शक्तिकेंद्रों में सक्रिय रूप से अभियान को सफल बनाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर के नेतृत्व में यह तय किया गया कि स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी के “सेवा ही संगठन” के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए हर वार्ड और बस्ती तक पहुंच बनाई जाएगी। सभी शक्ति केंद्र प्रभारियों, संयोजकों एवं कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अधिकतम जनसंपर्क कर केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों तक पहुंचें और उनका सम्मान करें।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 9 अप्रैल को सुबह 10:00 बजे घंटाघर स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा स्थल से अभियान की शुरुआत होगी। इसके बाद हनुमान मंदिर बैंस खटाल ढोंढीपारा, दुर्गा पंडाल कोहड़िया सहित विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। ओबीसी मोर्चा भाजपा द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ढोंढीपारा में फल एवं शरबत वितरण जैसे सेवा कार्य भी किए जाएंगे।
दोपहर के समय बुधवारी क्रमांक 02, रामपुर, रिसदी चौक, ढेलवाडीह दादर खुर्द और दादर चौक जैसे विभिन्न क्षेत्रों में “बस्ती चलो अभियान” एवं लाभार्थी सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं समाज के सम्माननीय व्यक्तियों के यहां पहुंचकर उनका अभिनंदन भी किया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रत्येक कार्यक्रम में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाए और अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। सभी पदाधिकारियों, पार्षदों, मोर्चा-प्रकोष्ठ के सदस्यों, बूथ अध्यक्षों एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को अनिवार्य रूप से शामिल होने का आह्वान किया गया।
मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर, मंजू सिंह, ज्योति वर्मा, मंडल महामंत्री मिलाप राम बरेठ एवं पुनि राम साहू, तथा कोषाध्यक्ष अनिल वस्त्रकार, प्रकाश अग्रवाल, श्रीधर द्विवेदी, गोपी, पवन सिन्हा ने सभी कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि यह अभियान संगठन की मजबूती और सेवा भावना का प्रतीक है, जिसे पूरी निष्ठा और उत्साह के साथ सफल बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
09 अप्रैल / मंथन मित्तल



