* नई शिक्षा नीति के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 से नया पाठ्यक्रम लागू
कोरबा (मंथन) केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने नई शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 से नया पाठ्यक्रम लागू करने की घोषणा की है। इसमें तीन-भाषा फॉर्मूला, मैथ्स और साइंस के लिए दो-स्तरीय प्रणाली और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसे नए विषयों को शामिल किया गया है। कक्षा 3 से 8 तक के छात्रों के लिए कम्प्यूटेशनल थिंकिंग (सीटी) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का नया पाठ्यक्रम लागू करने की घोषणा की है। यह पाठ्यक्रम इसी शैक्षणिक सत्र 2026-27 से शुरू होगा। कक्षा 3 से 8 तक के छात्रों के लिए सीटी और एआई पढ़ाई का उद्देश्य छात्रों को भविष्य के लिए तैयार करना है, ताकि वे एआई आधारित दुनिया में बेहतर तरीके से अपनी भूमिका निभा सकें। पाठ्यक्रम के जरिए छात्रों में तार्किक सोच, समस्या समाधान क्षमता, पैटर्न पहचान और एल्गोरिदमिक सोच जैसी मूलभूत कौशल विकसित किए जाएंगे। इसी तरह 9वीं कक्षा से मैथ्स और साइंस के लिए दो-स्तरीय प्रणाली होगी। 80 अंक का सामान्य (स्टैंडर्ड) पेपर अनिवार्य, इच्छुक छात्र 25 अंक का अतिरिक्त एडवांस पेपर दे सकेंगे। इसके अंक कुल प्रतिशत में नहीं जुड़ेंगे, 50 फीसदी से अधिक अंक का मार्कशीट में अलग से उल्लेख होगा।
* दो भारतीय भाषाओं के साथ एक विदेशी भाषा पढऩा जरूरी
छात्रों को दो भारतीय भाषाओं के साथ एक विदेशी भाषा पढऩा अनिवार्य होगा। यह व्यवस्था कक्षा 6 से शुरू की जाएगी। अंग्रेजी को विदेशी भाषा की श्रेणी में रखा गया है। इसके अलावा फ्रेंच, जर्मन जैसी अन्य विदेशी भाषाएं भी विकल्प के रूप में उपलब्ध रहेंगी। भारतीय भाषाओं में तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़, गुजराती, बांग्ला समेत अन्य भाषाएं चुनी जा सकेंगी। जो छात्र 2027 में कक्षा 6 में इस नई व्यवस्था के तहत पढ़ाई शुरू करेंगे, वे 2031 में 10वीं बोर्ड परीक्षा इसी भाषा फॉर्मूले के आधार पर देंगे।
* व्यावसायिक और शारीरिक शिक्षा भी अब अनिवार्य किए
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और कंप्यूटेशनल थिंकिंग 9वीं-10वीं में अनिवार्य विषय होंगे। 2029 से 10वीं बोर्ड में पेपर होगा। शुरुआत मॉड्यूल और इंटरनल असेसमेंट के रूप में किया जाएगा। कला शिक्षा, व्यावसायिक और शारीरिक शिक्षा भी अब अनिवार्य होगा। आर्ट और फिजिकल एजुकेशन के लिए नई किताबे आएंगी। अभी आर्ट और फिजिकल एजुकेशन का स्कूल-आधारित मूल्यांकन होता है। 2027-28 से व्यावसायिक शिक्षा की परीक्षा होगी। इससे आने वाले समय के लिए छात्र सकारात्मक रूप से तैयार होंगे।
06 अप्रैल / मंथन मित्तल



