* भेजी जाएगी गोपनीय सामग्री जीपीएस लॉक युक्त कंटेनर में
* 12वीं हिंदी की परीक्षा पुनः होंगी 10 अप्रैल को
कोरबा (मंथन) प्रश्न पत्र लीक होने पश्चात अब 12वीं हिंदी की 10 अप्रैल को दोबारा होने जा रही परीक्षा को लेकर छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) काफी सतर्क हो गया है। गोपनीयता और सुरक्षा के मद्देनजर मंडल ने परीक्षा व्यवस्था में कई बदलाव किए हैं। अब प्रश्न पत्रों के पैकेट में वन टाइम लॉक सिस्टम रहेगा। वहीं गोपनीय सामग्री जीपीएस लॉक युक्त कंटेनर में भेजी जाएगी।
वन टाइम लॉक सिस्टम को मंडल की आगामी परीक्षाओं में भी लागू किया जाएगा। पेपर लीक होने के दावे के बीच माशिमं 12वीं हिंदी की परीक्षा रद्द कर दी थी और दोबारा परीक्षा 10 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। परीक्षा को लेकर इस बार माशिमं काफी सावधानी बरत रहा है। परीक्षा की गोपनीयता एवं परीक्षा सामग्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर व्यवस्था में बदलाव किया गया है। प्रश्न पत्रों के पैकेट में वन टाइम लॉक सिस्टम के साथ ही गोपनीय सामग्री लेने वाले वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगाया जाएगा। परीक्षा सामग्री बसों के बजाय कंटेनर में भेजी जाएगी।
* वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी
समन्वय केंद्र पहुंचने पर केन्द्र प्रभारी पुष्टि करेंगे तथा वीडियो कॉल कर पार्टी ऑफिसर, नोडल अधिकारी एवं समन्वय केन्द्र प्रभारी की उपस्थिति में जीपीएस लॉक खोला जाएगा। समन्वय केंद्र में वन टाइम लॉक से स्ट्रांग रूम को सील किया जाएगा। सील करते समय वीडियोग्राफी कराई जाएगी। यह वीडियोग्राफी पार्टी ऑफिसर को सौंपी जाएगी। केंद्राध्यक्ष के गोपनीय सामग्री की पेटी समन्वय सेंटर से बाहर ले जाते समय जिला शिक्षा अधिकारी वन टाइम लॉक लगे होने की जांच करेंगे। परीक्षा के उपरांत समस्त उपयोग किए गए वन टाइम लॉक को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा करना होगा।
* 14 मार्च को हुई थी हिंदी की परीक्षा
12वीं हिंदी की परीक्षा 14 मार्च को आयोजित की गई थी। परीक्षा के बाद कई विद्यार्थियों एवं पालकों के हवाले से यह मामला संज्ञान में आया कि हिंदी के बी सेट का पेपर परीक्षा से एक दिन पहले की रात (13 मार्च) लीक हो गया था। हस्तलिखित पेपर सोशल मीडिया में वायरल हुआ था। विद्यार्थियों और पालकों से मिले हस्तलिखित पर्चे को लेकर पेपर लीक होने का दावा करते हुए मामला उठाया गया। जिसके बाद माशिमं ने पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई। पर्चा लीक होने के दावे और पुलिस जांच के बीच माशिमं ने 12वीं हिंदी की परीक्षा रद्द कर दी। हिंदी की परीक्षा अब 10 अप्रैल को पुन: आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12.15 बजे निर्धारित किया गया है।
06 अप्रैल / मंथन मित्तल



