* 9 हाथी मदनपुर से लौंटे केराकछार
कोरबा (मंथन) कोरबा जिलान्तर्गत कटघोरा वन मंडल के केंदई रेंज में घूम रहा दंतैल ग्राम कापा नवापारा से ग्राम कोरबी की ओर पहुंच गया है। इससे ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। पसरखेत रेंज में मदनपुर से 9 हाथी केराकछार लौट गए हैं।
हाथियों ने किसानों की धान की फसल को नुकसान पहुंचाया था। जटगा रेंज में घूम रहे 48 हाथियों का झुंड एक ही स्थान पर घूम रहा है। सबसे अधिक खतरा दंतैल हाथी से है। शाम होते ही हाथी सड़क पर पहुंच जाता है। रेंजर अभिषेक दुबे ने बताया कि दंतैल की निगरानी की जा रही है। अब तक कोई नुकसान होने की सूचना नहीं है। ग्रामीणों को भी सतर्क किया जा रहा है। जंगल की ओर नहीं जाने को कहा है। कोरबा वन मंडल के पसरखेत में 9 हाथी लंबे समय से घूम रहे हैं। झुंड में चार बच्चे भी शामिल हैं।
20 मार्च / मंथन मित्तल



