* विधायक व्यास कश्यप ने 6 मार्च को करी चक्काजाम की घोषणा
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले की सीमा से सटे जांजगीर-चांपा जिला अंतर्गत जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन के पश्चिम केबिन पर प्रस्तावित रेल ओवरब्रिज निर्माण सहित अन्य लंबित मांगों को लेकर एक बार पुनः जन आंदोलन की घोषणा की गई है। इस संबंध में जिला प्रशासन और डीआरएम बिलासपुर को विधिवत सूचना दे दी गई है।
विधायक व्यास कश्यप ने जानकारी देते हुए बताया कि जांजगीर-चांपा जिला अंतर्गत जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन क्षेत्र में रेल ओवरब्रिज निर्माण, स्टेशन की मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, गोंडवाना एक्सप्रेस और साउथ बिहार एक्सप्रेस के ठहराव और मिशन अस्पताल चांपा समपार पर अंडरब्रिज निर्माण जैसी मांगों को लेकर पूर्व में भी जन आंदोलन किया गया था।
* 6 माह में ओवरब्रिज निर्माण शुरू करने पर बनी थी सहमति
उस समय रेल प्रशासन और जिला प्रशासन के साथ हुई वार्ता के बाद आंदोलन को स्थगित किया गया था। वार्ता में 6 माह के भीतर रेल ओवरब्रिज निर्माण शुरू करने और प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव पर सहमति बनी थी। हालांकि, अब तक इन वादों पर कोई कार्यवाही नहीं होने से स्थानीय लोगों में असंतोष व्याप्त है।
* 6 मार्च को फिर होगा जन आंदोलन
विधायक श्री कश्यप ने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डालने के कारण स्थिति जस की तस बनी हुई है। इस स्थिति से असंतुष्ट होकर स्थानीय नागरिकों ने सर्वसम्मति से 6 मार्च को पुनः जन आंदोलन करने का निर्णय लिया है।
* मांगें पूरी होने तक आंदोलन रहेगा जारी
आंदोलन के तहत जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन के पश्चिम फाटक पर चक्काजाम करने की घोषणा की गई है। आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक रेल ओवरब्रिज निर्माण सहित अन्य मांगों पर ठोस कार्रवाई शुरू नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
11 फरवरी / मित्तल



