* लापरवाही बरतने वालों को दी सख्त हिदायत
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सीएमएचओ डॉ. एस.एन. केशरी लगातार मैदानी मोर्चे पर डटे हुए हैं। इसी कड़ी में डॉ. केशरी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) करतला का औचक सघन निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डॉ. केशरी ने चिकित्सालय के चप्पे-चप्पे का अवलोकन किया। उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर, ओपीडी, आईपीडी, प्रसव कक्ष, लेबर रूम, ओटी, दवा भंडार, इंटीग्रेटेड लैब और ब्लड स्टोरेज यूनिट सहित सभी महत्वपूर्ण कक्षों का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सालय में साफ-सफाई पर विशेष जोर देते हुए मुख्य द्वार पर पायदान लगाने और आईपीडी के बेडशीट की सफाई के लिए विशेष जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ ने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए। जिसके अंतर्गत ओपीडी में आने वाले हर मरीज की आभा आईडी सुनिश्चित कर आयुष्मान मित्र और मितानिन हेल्पडेस्क को सक्रिय करना, सभी ‘प्रायमी पारा’ (पहली बार मां बनने वाली) महिलाओं को हाई रिस्क ग्रुप में रखकर उनकी विशेष जांच और संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने के निर्देश, शीत श्रृंखला में फ्रीजर के तापमान की निरंतर मॉनिटरिंग और ओटी में विसंक्रमण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, साथ ही खंड चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि केंद्रों में सभी आवश्यक दवाइयों का स्टॉक हमेशा उपलब्ध रहे।
डॉ. एस.एन. केशरी ने सख्त लहजे में कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित समय पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं और अनिवार्य रूप से मुख्यालय में ही निवास करें। उन्होंने जीवनदीप समिति की बैठकें नियमित रूप से आयोजित करने और आरबीएसके वाहनों का रिकॉर्ड अपडेट रखने के भी निर्देश दिए।
09 फरवरी / मित्तल



