* दोषी ठेकेदार पर एफआईआर की मांग
* पीड़ितों को मुआवजे की मांग
कोरबा (मंथन) कोरबा नगर पालिक निगम के वार्ड क्रमांक 19 मानस नगर में विगत 3 वर्षों से बारिश का पानी घरों में घुस जाता है। दर्जनों घरों में जलभराव और प्रशासनिक निष्क्रियता के खिलाफ भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी जिला परिषद ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।
सीपीआई जिला सचिव पवन कुमार वर्मा के नेतृत्व में मानस नगर के पीड़ित बस्तीवासी कलेक्टोरेट पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि पानी टंकी के पास स्थित बस्ती में लोग 20 वर्षों से निवासरत हैं, लेकिन मुख्य मार्ग पर पुलिया निर्माण के बाद से पिछले 3 साल से बारिश में कई घरों में पानी भर रहा है। अनाज, इलेक्ट्रॉनिक सामान, फर्नीचर नष्ट हो गए और अनेक परिवार घर छोड़कर किराए के मकानों में रहने को मजबूर हैं।
आरोप लगाते हुए आगे बताया की वार्डवासियों द्वारा विगत 2 वर्षों से लगातार शिकायत दर्ज कराने के बावजूद आज तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। सीपीआई की तीन प्रमुख मांगों में तत्काल प्रभाव से वार्ड क्रमांक 19 मानस नगर में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था, पीड़ित परिवारों के नुकसान का आंकलन कर उचित मुआवजा, क्षतिपूर्ति राशि और दोषी पुलिया निर्माण करने वाले ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों की उच्चस्तरीय जांच कराकर कठोर कानूनी कार्यवाही शामिल है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला सचिव मंडल सदस्य एन.के. दास, मोहित, संतोष साहू, राहुल विश्वकर्मा, मानसी विश्वकर्मा, सरिता साहू, सिलोचना, महंत, मीना साहू, जमुना विश्वकर्मा, उर्वशी विश्वकर्मा, श्यामा, कौशिल्या साहू, अनीता श्रीवास, विमला, रानू महंत, कौशिल्या यादव, ललिता बरेठ आदि उपस्थित रहे।
17 जुलाई / मंथन मित्तल



