* राष्ट्रीय राजमार्ग पर किया चक्काजाम
कोरबा (मंथन) कोरबा जिलान्तर्गत ग्राम पोडी-उपरोड़ा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास में उस समय हंगामा मच गया, जब छात्राओं ने छात्रावास की अधीक्षिका पर मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना सहित कई संगीन आरोप लगा कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया। लगभग आधे घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
प्रदर्शन कर रही छात्राओं का आरोप है कि अधीक्षिका उन्हें छात्रावास में परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद व्यवस्था में कोई सुधार नहीं किया गया। छात्राओं का यह भी आरोप है कि अधीक्षिका उनसे हाथ-पैर की मालिश कराती हैं और मना करने पर मारपीट के साथ कार्यवाही की धमकी देती हैं। उनका कहना है कि इन कारणों से वे लंबे समय से मानसिक दबाव में थीं। छात्राओं ने आगे बताया कि उन्होंने इससे पहले भी विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) से शिकायत की थी, लेकिन कोई सख्त कार्यवाही नहीं हुई। इसी से नाराज होकर उन्हें सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करना पड़ा।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्राओं से अलग-अलग बातचीत कर उनके बयान दर्ज किए और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। प्रशासन की समझाइश के बाद लगभग आधे घंटे में चक्काजाम समाप्त हुआ और यातायात बहाल कराया गया। मौके पर तहसीलदार विनय देवांगन, नायब तहसीलदार सुमन मानिकपुरी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी के.आर. दयाल, जिला शिक्षा अधिकारी टी.पी. उपाध्याय, बांगों थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि छात्राओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधीक्षिका को तत्काल प्रभाव से हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
* अधीक्षिका ने आरोपों को बताया निराधार
छात्रावास अधीक्षिका ने छात्राओं द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि उनके खिलाफ सुनियोजित साजिश के तहत झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पदस्थापना के बाद उन्होंने छात्राओं के हित में कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं और उन पर लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच प्रशासन द्वारा की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
07 अगस्त / मंथन मित्तल



