* दोनों के परिवार गए थे घर से बाहर
* लाखों की चोरी की जताई जा रही आशंका
* वारदात सीसीटीवी में कैद
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत एनटीपीसी के दो डीजीएम अधिकारियों के एनटीपीसी के आवासीय परिसर में स्थित सरकारी आवासों में चोरी हो गई। यह घटना 11 फरवरी की रात की बताई जा रही हैं, जब दोनों अधिकारी अपने परिवारों के साथ शहर से बाहर गए हुए थे। अज्ञात चोरों ने उनके घरों को निशाना बनाया और कीमती सामान चुरा लिया।
सुबह जब पड़ोसियों ने घरों के ताले टूटे देखे, तो उन्होंने तत्काल पुलिस को इस बाबत सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया।
बताया जा रहा हैं की एक डीजीएम का परिवार दो दिन पहले अपनी बेटी की शादी के लिए राजस्थान गया हुआ है। पड़ोसियों ने उन्हें फोन पर घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चोरी हुए सामान और उसकी कीमत का सही आंकलन उनके वापस आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस ने उनके कमरे को सुरक्षित कर दिया है।
दूसरे डीजीएम का परिवार तीर्थ यात्रा पर निकला था। उन्हें भी चोरी की सूचना दी गई है और वे वापस लौट रहे हैं। उनके घर से क्या-क्या चोरी हुआ है, यह उनके आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
* लाखों की चोरी होने की जताई जा रही आशंका
दोनों एनटीपीसी में उच्च पदों पर कार्यरत हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, उनके घरों से लाखों रुपए की चोरी होने की आशंका है। चोरों ने घरों के भीतर सामान को भी बुरी तरह अस्त-व्यस्त कर नुकसान पहुंचाया।
* चोरी की वारदात सीसीटीवी में कैद
एनटीपीसी आवासीय परिसर में सुरक्षा के लिए कई सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके बावजूद चोरी की इस घटना को अंजाम दिया गया। चोरों की करतूत एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे पुलिस को जांच में मदद मिल सकती है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 305 और 331(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।
12 फरवरी / मंथन मित्तल



