कोरबा (मंथन) कोरबा जिले के चोटिया क्षेत्र में संदेह के आधार पर एक युवक की जमकर पिटाई कर देने मामला सामने आया है। बताया जा रहा हैं कि अर्ध रात्रि एक संदिग्ध युवक चोरी-छिपे एक घर में घुसने की कोशिश कर रहा था। घर के सदस्यों की अचानक नींद खुल गई, जिसके बाद उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। घटना के दौरान युवक वहां से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने उससे पूछताछ करने के साथ-साथ उसकी पिटाई भी कर दी।
मामले की सूचना तत्काल डायल 112 को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस द्वारा युवक से पूछताछ की जा रही है ताकि उसकी पहचान और इरादों की सही जानकारी मिल सके। पुलिस ने इस घटना के बाद क्षेत्रवासियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या असामाजिक व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें, लेकिन कानून को अपने हाथ में न लें। साथ ही लोगों को सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की भी सलाह दी गई है।
02 अप्रैल / मंथन मित्तल



