* वीडियो को तोड़-मरोड़कर भ्रम फैलाने का लगाया आरोप
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले की छुरीकला नगर पंचायत बीते कुछ दिनों से विभिन्न विवादों को लेकर सुर्खियों में बनी हुई है। कभी ठेकेदार अपने कार्यों के भुगतान को लेकर धरना-प्रदर्शन करते नजर आते हैं, तो कभी नगर पंचायत प्रशासन पर दबाव की खबरें सामने आती हैं। इसी बीच हाल ही में नगर पंचायत में पदस्थ उप अभियंता के साथ कथित मारपीट को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसे कुछ मीडिया माध्यमों ने भी बिना पुष्टि के प्रसारित कर दिया।
अब इस पूरे मामले में बड़ा और स्पष्ट खुलासा हुआ है। जानकारी के अनुसार दावा किया जा रहा है कि वायरल किया गया वीडियो मारपीट का नहीं, बल्कि सड़क किनारे खड़े होकर सामान्य बातचीत का है, जिसे गलत संदर्भ में प्रस्तुत कर सनसनी फैलाई गई। इस कथित घटना को लेकर फैलाई जा रही खबरों पर अब स्वयं संबंधित पक्षों ने एक सिरे से खंडन कर दिया है।
जानकारी के अनुसार सोमवार को कटघोरा-छुरी मार्ग पर एक वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो को छुरी में निर्मित अटल परिसर के भुगतान से जोड़ते हुए यह प्रचारित किया गया कि भुगतान से जुड़े विवाद को लेकर नगर पंचायत के उप अभियंता के साथ अध्यक्ष पति द्वारा मारपीट की गई। खबरों में यह भी कहा गया कि ठेकेदार के धरना-प्रदर्शन के बाद उप अभियंता द्वारा लंबित भुगतान का बिल तैयार किए जाने से नाराज होकर कथित रूप से यह घटना हुई।
हालांकि, इस पूरे दावे को उप अभियंता ने पूरी तरह से भ्रामक और निराधार बताया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनके साथ किसी प्रकार की मारपीट या विवाद नहीं हुआ है। फोन पर हुई बातचीत में उन्होंने बताया कि सड़क किनारे कुछ लोगों से सामान्य बातचीत हो रही थी, उसी का वीडियो बनाकर गलत तरीके से सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि बिना पुष्टि के खबरें चलाना न केवल गलत है, बल्कि इससे बेवजह भ्रम और तनाव का माहौल बनता है।
अध्यक्ष पति ने भी मारपीट की खबरों को पूरी तरह झूठा और मनगढ़ंत करार दिया है। उन्होंने कहा कि उप अभियंता से उनका कोई विवाद नहीं है और विकास कार्यों को लेकर दोनों के बीच किसी प्रकार का टकराव नहीं हुआ है। सामान्य बातचीत के दृश्य को मारपीट बताकर प्रचारित किए जाने से वे बेहद निराश हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर पंचायत में रुके हुए विकास कार्यों और जनहित के कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य कर रहे हैं।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद यह साफ हो गया है कि छुरी नगर पंचायत में किसी भी प्रकार की मारपीट की घटना नहीं हुई है, बल्कि एक सामान्य बातचीत के वीडियो को गलत तरीके से पेश कर अफवाह फैलाई गई।
13 फरवरी / मंथन मित्तल



