* दीक्षांत समारोह में वर्ल्ड बैंक के ग्लोबल एनवायरनमेंट विभाग के प्रमुख डॉ. नागराजराव हर्षदीप के हाथों प्राप्त की डिग्री
कोरबा (मंथन) कोरबा शहर की प्रतिभाशाली राधा अग्रवाल पिता राकेश नागरमल अग्रवाल ने देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान आईआईटी मद्रास के सिविल इंजीनियरिंग विभाग से अपनी पढ़ाई सफलतापूर्वक पूर्ण कर कोरबा सहित पूरे प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है।
आयोजित भव्य दीक्षांत समारोह में राधा अग्रवाल को वर्ल्ड बैंक के ग्लोबल एनवायरनमेंट विभाग के प्रमुख डॉ. नागराजराव हर्षदीप के करकमलों से डिग्री प्राप्त करने का गौरव प्राप्त हुआ। यह पल उनके परिवार के लिए अत्यंत सुखद, गौरवपूर्ण और अविस्मरणीय रहा। उनकी इस उपलब्धि ने यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ संकल्प, कठिन परिश्रम और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उनकी सफलता से कोरबा के युवाओं और विशेषकर छात्राओं को नई प्रेरणा मिलेगी।
राधा अग्रवाल की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर परिवारजनों, शुभचिंतकों एवं शहरवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने विश्वास जताया कि राधा आने वाले समय में देश के विकास और अधोसंरचना निर्माण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।
19 जुलाई / मंथन मित्तल



