* लाखों के जेवरात चुराकर रखे गिरवी
* पुलिस ने कथित आरोपी मां-बेटे को किया गिरफ्तार
कोरबा (मंथन) कोरबा जिलान्तर्गत मानिकपुर और थाना कोतवाली कोरबा ने सूने मकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए दो कथित आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया माल-मशरूका बरामद किया है। कथित आरोपियों के खिलाफ धारा 331(4), 305(1), 317(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार 6 फरवरी को दादर खुर्द निवासी प्रार्थी अपने परिवार के साथ रायपुर गया हुआ था। जब वह 7 फरवरी की रात घर लौटा, तो देखा कि घर के ताले टूटे हुए थे और घर के अंदर रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी हो चुके थे। शुरुआती आंकलन के अनुसार चोरी गई संपत्ति की कीमत लगभग 1,80,000 रूपये बताई गई थी। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदेह के आधार पर एक महिला और उसके बेटे को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने चोरी करना स्वीकार किया।
जांच में यह पता चला कि उनके द्वारा चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण उनके द्वारा एक फाइनेंस कंपनी में गिरवी रख दिए गए थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए फाइनेंस संस्था से संपर्क किया और सभी आभूषण बरामद कर लिए। बरामद आभूषणों का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 11,11,000 रुपए है।
अपराधियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। पुलिस ने बताया कि उनके खिलाफ पहले भी चोरी, नकबजनी के गंभीर अपराध दर्ज हैं।
10 फरवरी / मित्तल



