कोरबा (मंथन) गोवा में आयोजित तृतीय राष्ट्रीय महिला मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जिले की महिला खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर कोरबा का गौरव बढ़ाया। जिले की नीलिमा दास (67 वर्ष) व रमा करमाकर (62 वर्ष) ने प्रतियोगिता में हिस्सा लेते हुए डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो व शॉटपुट थ्रो स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में 30 वर्ष से लेकर 100 वर्ष तक की महिला व पुरुष खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य यह संदेश देना है कि खेलों में उम्र कोई बाधा नहीं होती, बल्कि सफलता के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति, नियमित अभ्यास और आत्मविश्वास आवश्यक है। देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में शामिल हुए, जिससे मुकाबला काफी प्रतिस्पर्धात्मक रहा। इसके बावजूद खिलाड़ियों ने उत्साह और समर्पण के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों ने जिले के युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों से खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उनका कहना है कि अधिक से अधिक खिलाड़ी आगे आएं और अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से जिले व प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करें। खिलाड़ियों ने बताया कि मास्टर्स एथलेटिक्स के संबंध में जानकारी प्राप्त करने के इच्छुक लोग उनसे संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक प्रतिभागियों को जोड़ने की भी अपील की।
10 जून / मंथन मित्तल



