* कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर ढाबे में रुका हुआ था टैंकर
कोरबा (मंथन) कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर गुरसिया मोड़ के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब पेट्रोल और डीजल से भरे इंडियन ऑयल के टैंकर में अचानक आग लग गई। टैंकर से उठती आग की ऊंची लपटों को देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक टैंकर कोरबा नगर से पेट्रोल-डीजल लेकर वाड्राफनगर की ओर जा रहा था। ग्राम गुरसिया के पास वाहन चालक भोजन करने के लिए एक ढाबे पर रुका था। खाना खाने के बाद जैसे ही उसने टैंकर को दोबारा स्टार्ट किया, इंजन के हिस्से से अचानक धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते धुआं आग में तब्दील हो गया और टैंकर धू-धू कर जलने लगा। टैंकर में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पेट्रोलियम पदार्थ भरा होने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में भय का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही बांगो पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए आवश्यक कार्रवाई कार्यवाही शुरू की।
पेट्रोल-डीजल से भरे टैंकर में आग लगने के कारण पुलिस एवं राहत दल ने विशेष सतर्कता बरती। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। राहत की बात यह है कि घटना में अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं।
10 सितंबर / मंथन मित्तल





