कोरबा (मंथन) कोरबा की रहने वाली अभिनेत्री इशिका यादव को रंग झांझर अवार्ड 2025-26 में सर्वश्रेष्ठ फिल्म अभिनेत्री के सम्मान से नवाजा गया। उन्हें यह प्रतिष्ठित पुरस्कार सुपरहिट छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘मोर छंइहा भुईयां 3’ में दमदार अभिनय के लिए प्रदान किया गया।
छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री एसोसिएशन द्वारा हर वर्ष आयोजित होने वाला रंग झांझर अवार्ड समारोह प्रदेश के फिल्म कलाकारों के उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित करता है। इस भव्य आयोजन में राज्य के कई नामचीन कलाकारों की मौजूदगी रही, जहां इशिका यादव की उपलब्धि खास चर्चा का विषय बनी। अवार्ड मिलने के बाद इशिका यादव ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, मित्रों और प्रशंसकों को दिया। उन्होंने फिल्म के निर्देशक सतीश जैन का विशेष आभार जताते हुए कहा कि ‘मोर छंइहा भुईयां 3’ जैसी बड़ी फिल्म में काम करने का अवसर उनके करियर का अहम मोड़ साबित हुआ।
इशिका यादव कई वर्षों से छत्तीसगढ़ी सिनेमा में सक्रिय हैं और अपनी मेहनत व अभिनय प्रतिभा के दम पर उन्होंने अलग पहचान बनाई है। लगातार सफल फिल्मों के चलते उन्हें आज प्रदेश की उभरती हुई सुपरस्टार्स में गिना जा रहा है। कोरबा लौटने पर इशिका यादव का जोरदार स्वागत किया गया। एसईसीएल की एसबीएस कॉलोनी में रहने वाली इशिका को स्थानीय लोगों ने बधाइयां दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करी।
11 फरवरी / मित्तल



