कोरबा (मंथन) जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ में बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ा बदलाव होने जा रहा है। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड जिले में स्मार्ट मीटरिंग को तेज़ी से लागू कर रही है। अब तक लगभग 65 प्रतिशत बिजली कनेक्शनों में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, जबकि करीब 35 प्रतिशत कनेक्शन अभी शेष हैं। बताया जा रहा हैं की कंपनी अप्रैल माह से स्मार्ट मीटर वाले सभी कनेक्शनों को प्री-पेड प्रणाली में बदलने की तैयारी कर रही है।
नई व्यवस्था के तहत उपभोक्ताओं को अपनी औसत खपत के आधार पर पहले ही राशि जमा करनी होगी। यानी अब पोस्ट-पेड की तरह बाद में बिल भरने की सुविधा खत्म हो जाएगी। 5 हजार से ज्यादा बकाया पर तुरंत कनेक्शन कटेगा। फिलहाल जिन उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लग चुके हैं, यदि उनका बकाया 5 हजार रुपये से अधिक हो जाता है तो एक क्लिक में बिजली कनेक्शन काटा जा रहा है। प्री-पेड सिस्टम लागू होने के बाद बकाया बनने की स्थिति ही नहीं रहेगी, क्योंकि बिना रिचार्ज बिजली उपलब्ध नहीं होगी। हालांकि आपात स्थिति को देखते हुए स्मार्ट मीटर में पुश बटन सुविधा दी गई है।
इसके तहत उपभोक्ता एक बार बटन दबाकर पांच दिनों के लिए अस्थायी रूप से बिजली बहाल कर सकते हैं, जिसे भुगतान के बाद रीसेट कर दिया जाएगा। स्मार्ट मीटर से इंकार करने वाले उपभोक्ताओं को कंपनी की ओर से नोटिस जारी किए जा रहे हैं। उन्हें सप्ताह भर की मोहलत दी जा रही है, इसके बाद सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। जानकारी के मुताबिक कई सरकारी विभागों पर करोड़ों रुपये का बिजली बकाया है। कंपनी अब इन पर भी सख्त रुख अपनाने की तैयारी में है।
23 फरवरी / मंथन मित्तल



