* कार्यवाही नहीं होने पर चक्काजाम की चेतावनी
कोरबा (मंथन) ग्राम चाकाबुड़ा स्थित प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला परिसर में वर्षों से चली आ रही वर्षा जलभराव की समस्या को लेकर भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक राजेश यादव द्वारा पूर्व में जिला प्रशासन को आवेदन प्रस्तुत किया गया था। इसके संदर्भ में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग, कोरबा द्वारा पत्र क्रमांक 2123/तक./ग्रा.यां.से./2026, दिनांक 08.07.2026 जारी कर संबंधित अधिकारियों को दो दिवस के भीतर स्थल निरीक्षण, तकनीकी प्रतिवेदन, प्राक्कलन एवं स्थायी समाधान हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे।
आरोप लगाते हुए कहा जा रहा हैं की उक्त निर्देशों के बावजूद आज तक विद्यालय परिसर में जल निकासी की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई। हाल ही में हुई वर्षा के बाद विद्यालय परिसर एवं कक्षाएँ पुनः लबालब पानी से भर गई हैं, जिससे विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
राजेश यादव ने कहा कि बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा जारी आदेशों का पालन नहीं किया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। यदि समय रहते कार्यवाही की जाती तो आज विद्यालय में यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती।
उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि तत्काल विद्यालय परिसर का पुनः निरीक्षण कराया जाए। जल निकासी की स्थायी व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित की जाए। पूर्व में जारी निर्देशों का पालन नहीं करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय कर आवश्यक कार्यवाही की जाए। बरसात समाप्त होने की बिना प्रतीक्षा किए आपातकालीन राहत एवं निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ कराया जाए।
राजेश यादव ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तीन दिनों के भीतर विद्यालय परिसर की जलभराव समस्या के समाधान की दिशा में ठोस कार्य प्रारंभ नहीं किया गया, तो स्थानीय नागरिकों, पालकों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मुख्य सड़क पर लोकतांत्रिक ढंग से चक्काजाम एवं जनआंदोलन किया जाएगा। इसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग की होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा जनहित के मुद्दों पर सदैव जनता के साथ खड़ी रही है और विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े इस गंभीर विषय पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
21 जुलाई / मंथन मित्तल



