कोरबा (मंथन) कोरबा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “सजग कोरबा-सतर्क कोरबा” अभियान के तहत संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में चौकी सीएसईबी रामपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
03 जून को प्रार्थी ने सूचना दी कि उसकी यात्री बस क्रमांक CG-10-G-1601 जिसकी अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये है, कोरबा के नया बस स्टैंड से चोरी हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान बस के कंडक्टर की सतर्कता और पहचान के आधार पर चोरी गई बस को कोहड़िया के पास ट्रेस किया गया। कंडक्टर ने कथित आरोपी को पकड़कर चौकी सीएसईबी रामपुर पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में कथित आरोपी ने बस चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने कथित आरोपी के कब्जे से चोरी गई बस को सुरक्षित बरामद कर जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
05 जून / मंथन मित्तल



