* ट्रकों से खुलेआम वसूली का भी लगा आरोप
कोरबा (मंथन) जानकारी के अनुसार कोरबा जिले में भी बनी भारतमाला सड़क पर खुलेआम वसूली का करने का आरोप लगाया जा रहा हैं। आरोप लगाते हुए बताया जा रहा है कि कुछ युवक ट्रकों को रोककर चालकों से पैसे ले रहे हैं। दावा किया जा रहा हैं कि शॉर्टकट रास्ते के इस्तेमाल के बदले हर गाड़ी से 100 रुपए की वसूली की जा रही है।
जानकारी के अनुसार उरगा-बिलासपुर भारतमाला सड़क पर ग्राम तरदा के पास मिट्टी डंप कर अवैध रूप से अस्थायी सड़क बना दी गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग की रेलिंग काटकर तैयार किए गए इस कटिंग प्वाइंट से कुसमुंडा से रायगढ़ के बीच चलने वाले कोयला परिवहन के भारी वाहन धड़ल्ले से गुजर रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए बताया कि ग्राम के लगभग 15 युवकों की टोली इस पूरे काम को संचालित कर रही है। बताया जा रहा है कि 24 घंटे में डेढ़ सौ से ज्यादा वाहन इस रास्ते से निकल रहे हैं।
हाल ही में इसी रास्ते पर एक कार अनियंत्रित होकर पलटने की स्थिति में पहुंच गई थी, जिसे बांस और बल्ली के सहारे किसी तरह बचाया गया। अब 18 चक्का ट्रैलर भी ग्राम की ओर उतरने लगे हैं, जिससे बड़े हादसे का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्यवाही कर उक्त अवैध मार्ग को बंद करने मांग की है।
15 मई / मंथन मित्तल



