कोरबा (मंथन) कोरबा-पश्चिम थाना बांकीमोंगरा क्षेत्र अंतर्गत शुक्लाखार-बांकी-कटघोरा मुख्य मार्ग पर दोपहर करीब 4 बजे एक युवक अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद युवक सड़क पर गंभीर हालत में पड़ा मिला।
घायल युवक की पहचान अजय कंवर, निवासी मड़वा ढोड़ा के रूप में की गयी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक बाइक पर सवार था। दुर्घटना के बाद उसके नाक, मुंह और आंख के आसपास गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना राहगीरों द्वारा 112 आपातकालीन सेवा को दी गई। सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए कटघोरा स्वास्थ्य चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि युवक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी, जिसके बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि घटना के समय युवक ने शराब का सेवन किया हुआ था। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में जांच की जा रही है और अज्ञात वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
10 सितंबर / मंथन मित्तल





