* विशेष महाआरती का आयोजन
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले के स्वर्ण विहार में राजाधिराज अवंतिका नरेश, बाबा महाकाल के प्रतीकात्मक दिव्य स्वरूप का आगमन हो रहा हैं। इस अवसर पर भक्तों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। यह आयोजन स्वर्ण विहार परिसर में 100 बेड अस्पताल के सामने हो रहा है। सुबह से ही श्रद्धालु दर्शन और पूजन के लिए उमड़ रहे हैं। पूरा परिसर “हर हर महादेव” और “जय बाबा महाकाल” के जयकारों से गूंज रहा है।
इस दिव्य आयोजन में बाबा महाकाल के चरणसेवक, पूज्य कलानिधि चंचल अभ्युदय सतीश सक्सेना महाराज उपस्थित हैं। महाराज के मुखारविंद से बाबा महाकाल की महिमा का गुणगान किया जा रहा है। बाबा महाकाल के कोरबा आगमन की सूचना मिलते ही जिले के कोने-कोने से श्रद्धालु स्वर्ण विहार पहुंच रहे हैं। महिला, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चे सभी बाबा के दर्शन के लिए कतारबद्ध दिखे। भक्तों ने फूल-माला, बेलपत्र और जल अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना करी।
आयोजन समिति द्वारा भक्तों के लिए दर्शन की सुव्यवस्थित व्यवस्था की गई है। कोरबा के अलावा आसपास के जिलों से भी लोग इस कार्यक्रम में शामिल होने पहुंच रहे हैं। समिति ने विशेष महाआरती की भी व्यवस्था की है। यह आयोजन कुछ दिनों तक जारी रहेगा।
07 मई / मंथन मित्तल



