कोरबा (मंथन) कोरबा जिलान्तर्गत थाना बांकीमोंगरा पुलिस ने मादक द्रव्य पदार्थ के सेवन हेतु रुपए की मांग करने, रुपए न देने पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने वाले चार कथित आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
प्रार्थी द्वारा 01 नवंबर को दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार 30 अक्टूबर की रात लगभग 09:30 बजे वह अपने साथी के साथ बांकीमोंगरा में संचालित देसी मादक द्रव्य पदार्थ बिक्री केंद्र से लौट रहा था। इसी दौरान उन्होंने उन्हें रोककर पूछताछ की और मादक द्रव्य पदार्थ के सेवन हेतु पीने के लिए ₹500 की मांग की। प्रार्थी द्वारा रुपए देने से मना करने पर उन्होंने अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा हाथ-मुक्के, बेल्ट और जमीन पर घसीटकर उनके साथ गंभीर मारपीट की।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बांकीमोंगरा में अपराध क्रमांक 226/2026, धारा 296, 351(3), 119(1), 191(2) बीएनएस (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस टीम ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। कथित आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 1 नग बेल्ट बरामद कर जब्त किया गया। सभी को 02 नवंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में शामिल अन्य की तलाश जारी है।
03 नवंबर / मंथन मित्तल





