* गैस कटर, ऑक्सीजन सिलेंडर व पिकअप वाहन जब्त
कोरबा (मंथन) कोरबा जिलान्तर्गत एसईसीएल बांकी 04 नंबर खदान में सुरक्षाकर्मियों को बंधक बनाकर लोहे के सामान व पाइप लूटने के मामले में बांकीमोंगरा पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए 2 कथित आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने कथित आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन, गैस कटर, ऑक्सीजन सिलेंडर और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार 28 अक्टूबर को एसईसीएल सुरक्षा गार्ड द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, 26-27 अक्टूबर की दरम्यानी रात लगभग 1:00 बजे 10 से 12 अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने एसईसीएल खदान परिसर में धावा बोला। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात चौकीदारों को बंधक बना लिया तथा उनके मोबाइल फोन छीन लिए। इसके बाद गैस कटर की मदद से स्टोर में रखे लोहे के रैक व एसईसीएल संपदा पाइप काटकर चोरी कर ले गए। जाते समय आरोपी चौकीदारों के मोबाइल लौटाकर फरार हो गए थे।
रिपोर्ट पर थाना बांकीमोंगरा में अपराध क्रमांक 223/2026 पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर पिकअप वाहन चालक और कबाड़ दुकान संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। डकैती से प्राप्त संपत्ति का निपटान/खरीद-बिक्री में संलिप्त पाए जाने पर मामले में धारा 317(3) व 317(5) बीएनएस की बढ़ोतरी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। मामले में संलिप्त अन्य फरार आरोपियों की तलाश सरगर्मी से जारी है।
03 नवंबर / मंथन मित्तल





