
कोरबा (मंथन) “देश के लिए युवा” विषय पर कमला नेहरू महाविद्यालय कोरबा में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित, कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, प्राचार्य डाॅ. प्रशांत बोपापुरकर, माय भारत कार्यक्रम की जिला युवा अधिकारी ईशा गौतम एवं भाजयुमो जिलाध्यक्ष वैभव शर्मा मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कमला नेहरू महाविद्यालय समिति के अध्यक्ष किशोर शर्मा ने की।
“देश के हमारे जागरुक युवा ही भारत की सबसे बड़ी ताकत है, जिस पर हर भारतीय को गर्व होना चाहिए। भारत सरकार के विकसित भारत-2047 का यह लक्ष्य देश के इन्हीं युवाओं के बेहतर कल के लिए निर्धारित किया गया है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि इन ऊर्जावान युवाओं के सामर्थ्य से ही विकासशील भारत को विकसित राष्ट्र में बदलने का यह सुनहरा सपना साकार होगा। इसलिए सर्वप्रथम आप सभी स्वयं जागृत-जागरुक बनें और अपने परिवार, मित्रों, आस-पास के लोगों को भी सतत जागरुक करते रहें।”
उक्त कथन कमला नेहरू महाविद्यालय कोरबा में लोकतंत्र के लिए युवा विषय पर आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए नगर निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहीं। महाविद्यालय के बीएड सभागार में सुबह 11.30 बजे से दोपहर 2 बजे के मध्य आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं युवाओं के प्रेरणास्त्रोत स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। विधि-परंपरा के अनुरूप सर्वप्रथम भारत के राष्ट्रगीत, छत्तीसगढ़ के राजकीय गीत एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कमला नेहरू महाविद्यालय समिति के अध्यक्ष किशोर शर्मा ने की।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, माय भारत कार्यक्रम की जिला युवा अधिकारी ईशा गौतम, भाजयुमो जिलाध्यक्ष वैभव शर्मा एवं प्राचार्य डाॅ. प्रशांत बोपापुरकर मंच पर उपस्थित रहे। स्वागत उद्बोधन प्राचार्य डाॅ. प्रशांत बोपापुरकर ने दिया। गुरुघासी दास केंद्रीय विश्वविद्यालय से आए युवा छात्र गगन शर्मा ने पीपीटी प्रस्तुतिकरण के माध्यम से एसआईआर के संबंध में अहम जानकारियां साझा की। बीएड प्रथम वर्ष की छात्रा नीलिमा पांडेय समेत अन्य ने प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान पाया। मंच संचालन का दायित्व अंग्रेजी विभागाध्यक्ष ब्रिजेश तिवारी एवं आभार प्रदर्शन एनएसएस जिला संगठक वाय.के. तिवारी ने किया। इस अवसर पर काॅलेज के प्राध्यापकगण, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं क्षेत्र के युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने दिलाई शपथ
कार्यक्रम के अंत में महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने सभी को लोकतंत्र की रक्षा, संवैधानिक कर्तव्यों का पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करने एवं विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में योगदान देने की शपथ दिलाई।
* पूरा विश्व भारत की युवा आबादी को देख भयभीत है : किशोर शर्मा
कमला नेहरू महाविद्यालय समिति के अध्यक्ष किशोर शर्मा ने कहा कि आंदोलन करना, प्रदर्शन कर अव्यवस्था फैलाना लोकतंत्र नहीं है। अब्राहम लिंकन के शब्दों में समझें तो जनता के लिए जनता के द्वारा चुनी गई सरकार, लोकतंत्र कहा जाता है। आज पूरा विश्व भारत की युवा आबादी को देखकर भयभीत है। इसलिए देश के युवा अपनी ताकत और अधिकारों की पहचान करें। उचित-अनुचित की परख करना सीखें और अपनी ऊर्जा सही जगह पर लगाएं, यह उनका दायित्व है। देश के 95 करोड़ युवाओं को मनोवैज्ञानिक और वैचारिक रूप से परिपक्व बनाकर भारत की कमान उनके हाथों में सौंपने की जिम्मेदारी हमारी है।
02 नवंबर / मंथन मित्तल





