* एसईसीएल प्रबंधन द्वारा पीएनसी सहित अन्य कंपनी मे कार्यरत कर्मचारियों के विभिन्न मांगो को जल्द पूरा करने पर बनी सहमति
कोरबा (मंथन) एसईसीएल गेवरा खदान मे कार्यरत निजी ठेका कंपनी पीएनसी सहित अन्य कंपनी मे कार्यरत भू विस्थापित श्रमिकों के द्वारा वेतन, बोनस, दो माह से लंबित वेतन, भर्ती प्रक्रिया मे स्थानीय बेरोजगारों को पहली प्राथमिकता सहित अन्य मांगो को लेकर 27 अक्टूबर को खदान मे 6 घंटे काम ठप्प कर पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष कोरबा के नेतृत्व मे आंदोलन किया गया था।
तद्पश्चात एसईसीएल प्रबंधन के द्वारा 29 अक्टूबर को एसईसीएल गेवरा मुख्य महाप्रबंधक कार्यालय मे 12 बजे बैठक आहूत की गयी थी जिसमे पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष सहित भू विस्थापित श्रमिक गेवरा सीजीएम कार्यालय पहुंचे जहाँ मुख्य महाप्रबंधक के अनुपस्थित होने पर प्रबंधन के द्वारा बैठक करने की बात कही गयी, जिसको लेकर पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष के द्वारा यह अपमानजनक बताकर मुख्य महप्रबंधक के उपस्थिति मे बैठक करने को लेकर वही गेट मे श्रमिकों के साथ धरने पर बैठ गए और महाप्रबंधक का इंतजार करने लगे। आनन-फानन मे महाप्रबंधक को कार्यालय आने पर मजबूर होना पड़ा, तत्पश्चात 1 घंटा बाद महाप्रबंधक के आने तक गेट जाम रखा गया फिर महाप्रबंधक के आने पर बैठक मे शामिल हुए।
प्रबंधन और कंपनी के अधिकारी उपस्थित रहे जहाँ हाई पावर कमेटी के अनुसार पेमेंट, कंपनी के द्वारा भू विस्थापितो के ऊपर किये जा रहे शोषण, दो माह से लंबित वेतन, सुरक्षा, आई कार्ड पेमेंट स्लिप भर्ती प्रक्रिया मे स्थानीय लोगो को प्राथमिकता सहित अन्य मुद्दों पर बात हुई जिसमे एसईसीएल गेवरा के मुख्य महाप्रबंधक को पूर्व उपाध्यक्ष जिला पंचायत कोरबा के द्वारा उक्त सभी समस्याओ का कड़ाई से पालन करने और भू विस्थापित श्रमिकों के वेतन विसंगती सहित श्रमिकों के ऊपर हो रहे शोषण की पुनरावृति होने पर दोबारा खदान बंद करा आंदोलन करने की चेतावनी दी।
तत्पश्चात मुख्य महाप्रबंधक गेवरा द्वारा भू विस्थापित श्रमिकों को हाई पावर कमेटी के अनुसार पेमेंट, पेमेंट स्लिप प्रदान करने, सुरक्षा उपकरण प्रदान करने दिवाली से पहले सभी कर्मचारियों को बोनस प्रदान करने और भर्ती प्रक्रिया मे स्थानीय भू विस्थापित को पहली प्राथमिकता देने पर सहमति बनी।
उक्त बैठक मे मधु सूदन दास नेता प्रतिपक्ष बांकीमोंगरा, शेत मसीह, सांसद प्रतिनिधि, कमलेश प्रजापति, गोविंदा सारथी,विक्की राज,अनिल कुमार, संतोष यादव, सुजीत महंत, राजकुमार पटवा, राकेश राजपूत सहित कंपनी मे कार्यरत कर्मचारी काफ़ी संख्या मे उपस्थित रहे।
01 नवंबर / मंथन मित्तल





