* परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने की शिकायत
कोरबा (मंथन) कोरबा जिलान्तर्गत ग्राम कोराई में गणेश विसर्जन के दौरान अत्यधिक तेज आवाज में डीजे बजाने पर बांकीमोंगरा पुलिस ने कार्यवाही करते हुए पिकअप वाहन सहित डीजे साउंड सिस्टम जब्त किया है। जानकारी के अनुसार ग्राम कोराई के मुख्य मार्ग में पुलिस ने कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्यवाही की।
पुलिस के अनुसार 20 सितंबर को गणेश विसर्जन के दौरान एक पिकअप वाहन में तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। तेज एवं कानफोड़ू आवाज के कारण आम राहगीरों को परेशानी हो रही थी। साथ ही स्कूली एवं हायर सेकेंडरी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं की पढ़ाई भी प्रभावित होने की बात सामने आई। मामले में कुरैना निवासी के विरुद्ध कार्यवाही की गई। पुलिस ने पिकअप को जब्त करने के साथ डीजे साउंड सिस्टम के कुल 6 नग भी जब्त किए।
पुलिस ने मामले में धारा 5 एवं 15, कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्यवाही की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर निर्धारित नियमों का उल्लंघन कर अत्यधिक तेज आवाज में डीजे बजाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही जारी रहेगी।
21 सितंबर / मंथन मित्तल





