* सोने की चेन और अंगूठी की ठगी
* ठगों ने लगभग 6 लाख के गहनों पर किया हाथ साफ
कोरबा (मंथन) कोरबा नगर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पुराने बस स्टैंड के पास एक महिला दिनदहाड़े ठगी का शिकार हो गई। शातिर ठगों ने महिला को बातों में उलझाकर उसकी एक सोने की चेन और चार सोने की अंगूठियाँ उसकी आंखों के सामने ही गायब कर दी और मौके से फरार हो गए।
जानकारी अनुसार राताखार निवासी एक महिला खरीददारी करने निकली थी। इसी दौरान पुराने बस स्टैंड के समीप उसे एक अनजान व्यक्ति मिला और शहर में नया होने की बात कहते हुए आसपास स्थित होटल का पता पूछने लगा। बातचीत के दौरान ही एक दूसरा अज्ञात व्यक्ति भी वहाँ पहुंचा और दोनों ने मिलकर महिला को बातों में उलझा दिया। दोनों अज्ञात व्यक्ति महिला को बातों में उलझाकर उसे मेन रोड से अंदर गली की ओर ले गए जहाँ उससे उसकी एक सोने की चेन तथा चार सोने की अंगूठियाँ उतरवा कर एक रुमाल में बांधा और फरार हो गए।
महिला को जब ठगी का एहसास हुआ तो उसने तत्काल अपने पति को बुलाया और दोनों ने सिटी कोतवाली पहुंचकर घटना की सूचना दी। जानकारी प्राप्त होते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने मेन रोड की दुकानों और गली में स्थित मकानों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जिसमें दोनों ठग महिला से बात करते हुए दिखे। पुलिस ने आसपास स्थित होटल और लॉज में दोनों संदिग्धों की तलाश की परंतु किसी प्रकार की सफलता प्राप्त नहीं हुई। पीड़ित महिला के अनुसार ठगे गये सोने के गहनों का कुल वजन लगभग 40 -50 ग्राम है जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 6 लाख रूपये आंकी गयी हैं। बहरहाल मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
14 सितंबर / मंथन मित्तल





