* मुर्गियों पर हमला करने की कर रहा था कोशिश
* टीम ने पकड़ छोड़ा जंगल
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले के बालको स्थित लालघाट क्षेत्र में एक पोल्ट्री फार्म में नाग घुस गया। इससे फार्म में अफरा-तफरी मच गई। सैकड़ों मुर्गियां शोर मचाने लगीं, जिससे संचालक उदय कुमार मौके पर पहुंचे। नाग को देखकर उदय कुमार ने सांप को मारने की बजाय समझदारी दिखाते हुए स्नैक कैचर और वन विभाग को सूचना दी। जानकारी मिलते ही आरसीआरएस टीम के सदस्य मानस और उमेश मौके पर पहुंचे। टीम ने पोल्ट्री फार्म में सावधानी से सांप की तलाश की।
बताया जा रहा हैं की नाग फार्म के अंदर मुर्गियों पर हमला करने की कोशिश कर रहा था। मुर्गियों की चीख-पुकार से पूरे फार्म में हड़कंप मच गया था। संचालक ने तुरंत सभी कर्मचारियों को फार्म से बाहर निकालकर सुरक्षित दूरी बनाए रखने को कहा। कुछ देर की कोशिश के बाद आरसीआरएस टीम ने नाग को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। रेस्क्यू के दौरान टीम ने वहां मौजूद लोगों को समझाया कि सांप से दूर रहें और उसे कोई नुकसान न पहुंचाएं।
स्नेक कैचर उमेश यादव और मानस कुमार ने बताया कि सांप किसी भी मुर्गी को अपना शिकार नहीं बना पाया था। समय रहते उसे पकड़ लिया गया। रेस्क्यू किए गए नाग को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया। विभाग और आरसीआरएस की इस पहल से मानव और वन्यजीवों के सह-अस्तित्व का संदेश एक बार फिर सामने आया। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि घर, खेत या पोल्ट्री फार्म में सांप दिखने पर उसे मारने या खुद पकड़ने की कोशिश न करें। इसके बजाय तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
08 सितंबर / मंथन मित्तल





