जांच : राजेश यादव
कोरबा (मंथन) भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ, छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह संयोजक एवं बिलासपुर संभाग प्रभारी राजेश यादव ने कोरबा जिले के कटघोरा स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, सलोरा में बदहाल व्यवस्थाओं के विरोध में छात्रों द्वारा मुख्य सड़क पर किए गए चक्काजाम को अत्यंत गंभीर एवं चिंताजनक बताया है।
श्री यादव ने कहा कि “आदिवासी छात्र-छात्राएं लंबे समय से दूषित पेयजल, स्तरहीन भोजन, मूलभूत सुविधाओं के अभाव तथा शिकायत करने पर कथित रूप से टीसी देने की धमकी जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। बार-बार शिकायतों और जनप्रतिनिधियों के संज्ञान में मामला लाए जाने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा समय पर प्रभावी कार्यवाही नहीं किए जाने के कारण विद्यार्थियों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा, जो प्रशासनिक संवेदनहीनता को दर्शाता है।”
उन्होंने आगे कहा कि 29 जुलाई को संबंधित अधिकारियों द्वारा शीघ्र न्यायोचित कार्यवाही का आश्वासन दिया गया था, किंतु उसके अनुरूप कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। यदि समय रहते प्रभावी कार्यवाही की जाती तो पहले जनप्रतिनिधियों का घेराव और बाद में सैकड़ों विद्यार्थियों को मुख्य सड़क पर बैठकर चक्काजाम करने की नौबत नहीं आती। श्री यादव ने राज्य सरकार से मांग की कि आदिम जाति एवं अनुसूचित जनजाति विकास विभाग के सहायक आयुक्त को तत्काल पद से हटाकर पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा यह स्पष्ट किया जाए कि शिकायतों और दिए गए आश्वासनों के बावजूद समय पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई। यदि किसी अधिकारी की लापरवाही या उदासीनता सामने आती है तो उसके विरुद्ध कठोर विभागीय कार्यवाही की जाए।
03 अगस्त / मंथन मित्तल



