कोरबा (मंथन) कोरबा शहर में बिजली विभाग की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। जानकारी के अनुसार अंचल के अलग-अलग स्थानों पर शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की दो घटना घटी।
पहली घटना कोरबा-पश्चिम मानिकपुर क्षेत्र की उरांव बस्ती में बिजली के खंभे पर लगे लाइन बॉक्स में हुई, जबकि दूसरी घटना दादर के दामाद मोहल्ला बस्ती में ट्रांसफार्मर में आग लगने की घटना घटित हुई। दोनों घटनाओं के बाद लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रही और स्थानीय लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी देखी गई।
जानकारी के अनुसार मानिकपुर की उरांव बस्ती में बिजली के खंभे पर लगे लाइन बॉक्स में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। इसके बाद बॉक्स में आग लग गई और करीब 15 मिनट तक उसमें से चिंगारियां निकलती रहीं। इस दौरान पटाखों जैसी तेज आवाजें सुनाई देती रहीं, जिससे आसपास के लोग दहशत में आकर घरों से बाहर निकल आए। कुछ देर बाद विद्युत प्रवाह स्वतः बंद हो गया, जिससे पूरे इलाके की बिजली गुल हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र के कई बिजली खंभे जर्जर हो चुके हैं, तार लटक रहे हैं और लाइन बॉक्स में जंग लग चुकी है। इसके बावजूद विभाग मरम्मत की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।
* ट्रांसफार्मर में लगी आग, अंधेरे में डूबा मोहल्ला
दूसरी घटना दादर के दामाद मोहल्ला बस्ती में घटित हुई। यहां लगे ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। आग की तेज लपटें देखकर मोहल्ले के लोग घरों से बाहर निकल आए। घटना के बाद पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बंद हो गई और लोग घंटों अंधेरे में रहे। स्थानीय लोगों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि विभाग की टीम काफी देर बाद मौके पर पहुंची। तब तक ट्रांसफार्मर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था। बाद में कर्मचारियों ने आग पर काबू पाकर मरम्मत कार्य शुरू किया।
स्थानीय निवासियों का आरोप लगाते हुए कहना है कि जर्जर बिजली ढांचे और बार-बार होने वाले शॉर्ट सर्किट की शिकायत कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से की जा चुकी है। वर्तमान और पूर्व पार्षदों ने भी लिखित रूप से व्यवस्था सुधारने की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्यवाही नहीं हुई। लोगों ने विभाग से जर्जर खंभों, तारों और ट्रांसफार्मरों को जल्द बदलने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
02 अगस्त / मंथन मित्तल



